ऋषिकेश। नरेंद्रनगर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत तपोवन में उत्तराखंड पंचायती राज विभाग की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत दो दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण का समापन हो गया। प्रशिक्षण में ग्राम प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
मंगलवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में दूसरे दिन मास्टर ट्रेनर इमरान खान ने पंचायत प्रतिनिधियों को मिशन अंत्योदय सर्वे, मनरेगा योजना एवं ग्राम पंचायत विकास योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ग्राम पंचायतें 73 वें संविधान संशोधन द्वारा प्रदत्त 29 विषय का इस्तेमाल कर एक बेहतरीन ग्राम पंचायत विकास योजना का प्लान तैयार कर सकते है। मास्टर ट्रेनर अर्जुन गुर्जर ने सूचना का अधिकार 73 वां संविधान संशोधन एवं पंचायत राज एक्ट के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की। कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गए।
इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी सुखपाल सिंह बिष्ट, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ऋषिराम उनियाल, ग्राम प्रधान चैन सिंह, रीता बड़थ्वाल, वार्ड सदस्य राजेंद्र सिंह रावत, दुर्गा देवी, सोनम सिंह, आयुष सिंह, दीपिका वर्मा, आशा बिष्ट, सीमा शाह, कल्पना नेगी, रघुवीर सिंह, सुशीला नेगी, कनवर सिंह आदि थे।