ऋषिकेश। कोतवाली पुलिस ने दो कारों में तस्करी कर लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की 27 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं तस्करी के लिए इस्तेमाल की कई दोनों कारों को सीज कर दिया गया है।
कोतवाली निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और छापामार अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ऋषिकेश दून मार्ग स्थित फ्लाईओवर के पास एक कार को चेकिंग के लिए रोका गया। कार से पुलिस को अंग्रेजी शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं। आरोपी की पहचान अभिलाष कुमार, निवासी मेन बाजार, रुद्रप्रयाग, हाल निवास धर्मपुर चौक, देहरादून के रूप में हुई है। वहीं दूसरी ओर शनिवार सुबह ऋषिकेश हरिद्वार रोड स्थित मंडी तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार से अंग्रेजी शराब की 12 पेटियां पकड़ीं। आरोपी की पहचान अमित गोस्वामी निवासी आदिल बिहार, श्यामपुर खदरी के रूप में हुई है। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है।