डोईवाला। एयरपोर्ट अथॉरिटी में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए है। बताया गया कि दोनों आरोपी आपस में भाई है।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरिक्षक महावीर सिंह रावत ने बताया कि रेशम माजरी अंकुश पुत्र रघुवीर सिंह ने अपने एक साथी आदर्श पुत्र सुधीर कुमार निवासी रिस्पना रोड करनपुर देहरादन के साथ कोतवाली में आकर बीते बुधवार को दी तहरीर में बताया कि कुमार संभव निवासी डीएल रोड नालापानी देहरादून ने दोनों को एयरपोर्ट अथॉरिटी में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने अपने एक अन्य साथी की मदद से अपनी बातों में उलझाकर अंकुश से तीन लाख 80 हजार और आदर्श से एक लाख की रकम ठग ली। एसएसआई महावीर सिंह ने बताया कि पीड़ित आरोपियों की सोशल मीडिया से उन्हें पता चला कि उनके द्वारा नौकरी मिल सकती है। पीड़ितों ने संपर्क किया और नौकरी की एवज में रकम हड़प ली। इसके अलावा मेडिकल में पास करने के लिए फर्जी तरीके से उन्हें चंडीगढ़ बुलाकर रिजल्ट निकालने आदि कई भ्रामक तथ्य रखे। ठगी का एहसास होने पर बुधवार को उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दर्ज मुकदमे के आधार पर आरोपी कुमार संभव और कुमार अनुभव निवासी डीएल रोड करनपुर देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि दिल्ली में में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।