अपनी मांगों को लेकर पद यात्रा निकालते परिवहन व्यावसायी।
- फोटो : RISHIKESH
उत्तराखंड परिवहन महासंघ के बैनर तले परिवहन व्यावसायियों ने इंद्रमणी बडोनी चौक से डोईवाला पद यात्रा निकाली। इस दौरान परिवहन व्यावसायियों अपने मांगी माने जाने और चारधाम यात्रा खोलने के लिए नारे लगाए।
दोपहर 12 बजे परिवहन कंपनियों के संचालक, वाहन स्वामी, चालक, परिचालक आईएसबीटी में एकत्रित हुए। वहां से इंद्रमणि बडोनी चौक होते हुए डोईवाला तक पैदल यात्रा की। इस दौरान ट्रांसपोर्टरों को संबोधित करते हुए उत्तराखंड परिवहन महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि लगातार दो साल से चारधाम यात्रा न चलने से परिवहन व्यवसाय पटरी से उतर चुका है। प्रदेश सरकार की ओर से परिवहन व्यवसायियों की किसी प्रकार की मदद नहीं की जा रही है। चारधाम यात्रा न चलने से बस स्वामी और चालक परिचालक परेशान हैं। बसों का संचालन न होने से चालक परिचालकों के सामने रोजी रोटी का भी संकट आ गया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा खुलवाने और चारधाम यात्रा के लिए कोविड आरटीपीसीआर की रिपोर्ट की बाध्यता को खत्म करने के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार के ट्रांसपोर्टर सीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाल रहे हैं। दोपहर में ढाई बजे से सभी परिवहन व्यवसायी रानीपोखरी पहुंचे, यहां पर भोजन करने के बाद डोईवाला के लिए रवाना हुए। देर शाम को परिवहन व्यावसायी डोईवाला पहुचे, रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह नौ बजे सभी परिवहन व्यावसायी मुख्यमंत्री आवास तक पैदल यात्रा करेंगे। पैदल यात्रा करने वालों में नवीन रमोला, बलवीर सिंह, मेघ सिंह चौहान, हरीश नौटियाल, विनय सारस्वत, आशुतोष शर्मा, भगवान सिंह राणा, बलवीर सिंहनेगी, मदन कोठारी, नवीन भट्ट, राकेश सेमवाल, आशुतोष तिवारी, कलम सिंह नेगी, यशपाल राणा, योगेश उनियाल आशाराम, मुकेश नेगी आदि थे।