करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप रखरखाव के अभाव में तीन साल में ही बदरंग नजर आ रहा है। कहीं दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं तो कहीं सीलन है।
वर्ष 2023 के मई महीने में चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप भवन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन किया था। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से पहाड़ी शैली में बने इस तीन मंजिला भवन में चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के कैंप कार्यालय है।
इसके अलावा यहां पांच बेड का क्लीनिक व 112 बेड की डॉरमेट्री भी है। ट्रांजिट कैंप से ऑफलाइन पंजीकरण भी होती है। इसलिए यात्रा के दौरान हर दिन यहां हजारों की संख्या में तीर्थयात्री पहुंचते हैं। लेकिन रखरखाव के अभाव में मात्र तीन साल में ही भवन की स्थिति खराब हो गई है।
दीवारों पर पिछले वर्ष से ही दरारें पड़ने लगी थी, तब प्रशासन ने जल्द इन्हें ठीक कराए जाने की बात कही थी, लेकिन मरम्मत नहीं कराई। जिससे ये दरारें अब और अधिक गहरी हो गई है। जिससे बड़े नुकसान की आशंका बनी हुई है। वहीं कुछ दीवारों पर सीलन भी आ गई है।
-
- ट्रांजिट कैंप में मरम्मत कार्य के लिए ब्रिडकुल को 43 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। जहां आवश्यकता है, जल्द मरम्मत करा ली जाएगी। - उत्तम सिंह चौहान, विशेषकार्याधिकारी, चारधाम यात्रा संगठन