ऋषिकेश। तीर्थनगरी के व्यापारियों का सब्र का बांध टूट गया है। आक्रोशित व्यापारियों ने एक जून से, सुबह सात से दोपहर दो बजे तक अपनी दुकानें खोलने का एलान कर दिया है। इसके लिए सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे दुकानें खुलने के समय की तख्ती लटका दी है।
बृहस्पतिवार को त्रिवेणीघाट रोड बाजार के व्यापारियों ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के चलते उनकी दुकानें बंद पड़ी हुई हैं। दुकान के अंदर रखा सारा सामान बर्बाद हो रहा है। बिजली, पानी, जीएसटी और कर्मचारियों का वेतन आदि शुल्क देने में परेशानी हो रही है। परिवार का भरण पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है, लेकिन प्रदेश सरकार कोरोना कर्फ्यू में केवल आवश्यक सेवाएं ही खोलने की गाइडलाइन जारी कर रही है। कहा वे कोरोना कर्फ्यू की गाइड लाइन का सम्मान करते हैं, लेकिन इस गाइडलाइन में प्रदेश सरकार अन्य व्यापारियों के हितों को भी ध्यान में रखे। व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार को सांसद, विधायकों और अन्य मंत्रियों के वेतन रोकने चाहिए। कहा कि चाहे उनकी दुकानें दिन में चार घंटे खुलें, लेकिन खुलनी चाहिए। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो तीर्थनगरी के व्यापारी एक जून से सुबह सात से दोपहर दो बजे तक अपनी दुकानें खोलेंगे। चाहे इसका अंजाम कुछ भी हो। इस मौके पर अखिलेश मित्तल, दीनदयाल अग्रवाल, पवन शर्मा, जगदीश चावला, केवल कृष्ण लांबा, प्रतीक पुंडीर, हर्षित गुप्ता आदि शामिल थे।