तीर्थनगरी वायरल संक्रमण की चपेट में है। वायरल से पीड़ित दर्जनों मरीज रोजाना सरकारी अस्पताल में पहुंच रहे हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर चिकित्सक लोगों से बुखार को हल्के में न लेने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को शरीर गर्म, दस्त-उल्टी आदि की शिकायत है तो वह तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचे।
तीर्थनगरी में वायरल ने पखवाड़ाभर पहले हीरालाल मार्ग स्थित शांतिनगर में दस्तक दी। सरकारी अस्पताल के सूत्रों की मानें तो शांतिनगर में प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति संक्रमक बुखार की चपेट में आ चुका है। जब यहां हालात सामान्य हुए तो रेलवे रोड स्थित वाल्मीकि नगर में वायरल फैल गया।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. महेश सैनी ने बताया कि अगर व्यक्ति की हाथ-पैर और जोड़ों में दर्द, उल्टी-दस्त जैसे लक्षण महसूस हो तो इसे हल्के में न लें, यह वायरल की पहचान है।
दूषित पानी और गंदगी से फैलता है वायरल
सरकारी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार पंत ने बताया कि वायरल दूषित पानी और गंदगी से फैलता है। आसपास साफ-सफाई रखे। खाना खाने से पहले अच्छी तरह से हाथ धुलें। पानी को उबाल कर पियें। बुखार आने पर पैरासिटामॉल की टेबलेट ले सकते हैं। चिकित्सीय परामर्श जरूरी है।
वायरल पीड़ितों की स्थिति
तिथि ओपीडी भर्ती
14 अगस्त 60 10
15 अगस्त 69 16
16 अगस्त 72 19
17 अगस्त 72 11
18 अगस्त 88 21
19 अगस्त 90 22
20 अगस्त 100 22
21 अगस्त 132 23
22 अगस्त 143 25
23 अगस्त 147 24
24 अगस्त 149 25
25 अगस्त 151 25
आंकड़े सरकारी अस्पताल के रिकार्ड के मुताबिक