नगर निकाय चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने तीन दिन पहले शस्त्र धारकों को अपने हथियार जमा करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी तक 36 लोगों ने ही अपने शस्त्र जमा किए हैं।
निकाय चुनाव का प्रचार अब अपने चरम पर पहुंच रहा है। प्रचार व मतदान प्रक्रिया के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए प्रशासन भी एहतियात बरत रहा है। तीन दिन पूर्व प्रशासन ने सभी शस्त्र धारकों को अपने हथियार जमा करने के निर्देश जारी किए थे।
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में करीब 439 लोगों के पास 461 हथियार हैं। पुलिस का कहना है इन दिनों शस्त्र धारकों का सत्यापन भी कराया जा रहा है। सभी लोगों को हथियार जमा करने के लिए सूचित किया जा रहा है। जो लोग बैंक या अन्य किसी संस्था में सुरक्षाकर्मी के तौर पर तैनात हैं उन्हें निकाय चुनाव के दौरान हथियार रखने की अनुमति लेनी होगी। अब तक करीब 36 लोगों ने अपने हथियार जमा कराए हैं। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि हथियार जमा कराए जा रहे हैं। सभी लोगों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।