तीर्थनगरी में सड़क पर सामान सजाने वालों की खैर नहीं। पुलिस कोर्ट का चालान तो काटेगी ही सामान भी जब्त करेगी। लड़खड़ाती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए आठ अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। अर्द्धकुंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद कर ली जाएगी।
शनिवार को पर्वतीय प्रेस क्लब के सीधा संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने आए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते ने कोतवाली का निरीक्षण कर शहर की व्यवस्था की जानकारी ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिले नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, व्यापारी नेता राजकुमार अग्रवाल, ट्रक यूनियन अध्यक्ष जगमोहन सकलानी, जयेंद्र रमोला, विनय उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता रवि शास्त्री, अभिषेक शर्मा, राम चौबे ने शहर में अस्थायी अतिक्रमण, बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था से अवगत कराया।
बताया कि दून मार्ग, रेलवे रोड, क्षेत्र रोड, मुखर्जी मार्ग, घाट रोड, लाला लाजपत राय, जीवनी माई रोड पर दुकान से बाहर सामान सजाने से मार्ग संकरी गली में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। तिपहिया वाहन चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चौपट रहती है।
समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थों को अस्थायी अतिक्रमण और यातायात नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आश्वासन दिया कि पखवाड़ाभर में सभी व्यवस्थाएं चाकचौबंद कर दी जाएंगी।
त्रिवेणीघाट, आस्थापथ पर लगेंगे सीसीटीवी
सार्वजनिक स्थल त्रिवेणीघाट और आस्थापथ पर असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी के लिए जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम घाट चौकी में बनाया जाएगा। पुलिस कप्तान ने बताया कि त्रिवेणीघाट और आस्थापथ पर नगर पालिका सीसीटीवी कैमरे लगाएगी। शहर में अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तीसरी आंख की जरूरत पड़ेगी तो इसके लिए व्यापारिक संगठनों से सहयोग लिया जाएगा।
कहां-कहां बिकती है अवैध शराब
पुलिस कप्तान के इस सवाल पर कोतवाली में मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मी बगले झांकने लगे। मौके पर मौजूद व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अवैैध शराब बिक्री के प्वाइंट गिनवाए तो पुलिस भी सफाई देने लगी।
साहब अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की जाती है, जिस पर कप्तान ने तल्ख लहजे में कहा कि 20-30 पव्वे वाले छुटभैया नहीं बड़े माफिया कितने पकड़े। एसएसपी ने बताया कि शहर में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए छापामारी करेंगे।