ऋषिकेश। राह चलती अकेली महिला से मोबाइल लूटकर भागे तीन शातिरों को पुलिस 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी और लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमन शर्मा पत्नी रघुनाथ शर्मा निवासी गुर्जर धर्मशाला, मोतीचूर, रायवाला ने तहरीर देकर बताया कि 19 फरवरी को स्कूटी सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने राह चलते उसका मोबाइल लूट लिया। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल के आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो स्कूटी सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। इनका हुलिया वादिनी द्वारा बताए गए हुलिए से मिल रहा था। संदिग्ध दिखने वाले तीन लड़कों में एक लड़का अभिषेक कश्यप लग रहा है, जो इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस ने अभिषेक कश्यप निवासी कुंज गली खड़खड़ी हरिद्वार को पकड़कर पूछताछ की तो उसने घटना को कबूलते हुए अपने अन्य दो साथियों के नाम भी बता दिए। उसने बताया कि उसके साथ लूट की घटना में सन्नी उर्फ लाला तथा विष्णु कश्यप दोनों निवासी हरिद्वार भी शामिल थे। तीनों नशे के आदी हैं और लत को पूरा करने के लिए चोरी एवं मोबाइल-पर्स लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।