- उर्मिला राणा और शक्ति प्रसाद जोशी ने दो मतों से दर्ज की जीत
ढालवाला। नगर निकायों से जिला योजना समिति के तीन सदस्यों का निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। टिहरी नगर पालिका से भाजपा की उर्मिला राणा और चंबा से कांग्रेस के शक्ति प्रसाद जोशी दो-दो मतों से विजयी रहे, जबकि मुनि की रेती से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध निर्वाचित हुए। सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय ढुकलान ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशन में शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय बौराड़ी में टिहरी और चंबा प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान हुआ। दोपहर तीन बजे मतगणना शुरू हुई।
टिहरी क्षेत्र में भाजपा की उर्मिला राणा को आठ, कांग्रेस के नवीन सेमवाल को छह और निर्दलीय विनीत उनियाल को चार मत मिले। वहीं, चंबा में कांग्रेस के शक्ति प्रसाद जोशी को 15, भाजपा के सोबन सिंह नेगी को 13 और निर्दलीय अरुण रतूड़ी को पांच मत प्राप्त हुए। दोनों विजेताओं ने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को दो-दो मतों से हराया। मुनि की रेती से गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध चुने गए।