त्रिवेणी घाट पर पर्यटकों की चहल पहल ।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। चमोली जनपद में ग्लेशियर टूटने की घटना से बीते रविवार को तीर्थनगरी में हाईअलर्ट जारी हो गया था। हाईअलर्ट होने के कारण त्रिवेणीघाट, 72 सीढ़ी, साईंघाट, लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती आदि गंगा तटों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक लग गई थी। गंगा तटों की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह पुलिस प्रशासन की ओर से बैरकेडिंग लगाई गई थी। लेकिन देरशाम तक भी गंगा का जलस्तर नहीं बढ़ा। परिस्थितियां सामान्य होने के कारण सोमवार को त्रिवेणीघाट समेत विभिन्न घाट पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गुलजार हो गए।
गंगा के जलस्तर को देखते हुई हाईअलर्ट की कोई स्थिति नहीं बनी। बीते रविवार शाम 4 बजे की बात करें तो केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा का जलस्तर 336.91 मीटर था। जो सोमवार सुबह 8 बजे तक 336.51 मीटर रहा। इस बीच गंगा के जलस्तर पर तेजी नहीं दिखी। सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 336.80 मीटर, दोपहर 12 बजे 337.06 मीटर, दोपहर दो बजे 337.25 मीटर दर्ज किया गया। हालात सामान्य होने के बाद शासन-प्रशासन की ओर से बरती गई सख्ती को हटा दिया गया। जिससे स्थितियां पहले जैसी हो गई।