चोरों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालती जीआरपी के जवान।
- फोटो : RISHIKESH
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर चोरों ने बीती रात धावा बोल दिया। चोरों ने आरक्षण काउंटर के ऊपर लगी दो बड़ी एलसीडी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, पास की खिड़की भी क्षतिग्रस्त कर दी। मामले में जीआरपी पुलिस स्टेशन के आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम पर पुलिस चुप्पी साधे हुए है।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह जैसे ही कर्मचारी स्टेशन पहुंचे तो यहां टिकट खिड़की के आरक्षण काउंटर के ऊपर लगी दो एलसीडी टीवी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास देखा तो काउंटर के समीप कांच की खिड़की भी क्षतिग्रस्त थी। कर्मचारियों ने तुंरत इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक राजपाल मीणा को दी। वह भी मौके पर पहुंचे और मामले से जीआरपी पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद जीआरपी पुलिस मामले की छानबीन में लग गई। जीआरपी पुलिस के सिपाही स्टेशन के आसपास के अलग-अलग मार्गों पर बनी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज दिनभर खंगालते रहे। मगर, चोरी की घटना को लेकर पूछने पर जीआरपी पुलिस चोरी की घटना को दबाने की कोशिश में जुटी रही। खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
-----
सीसीटीवी कैमरे भी बने शोपीज
रेलवे स्टेशन पर कई जगह बोर्ड लगाकर लिखा गया है कि आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। जबकि, हकीकत यह है कि यहां लगे करीब पांच सीसीटीवी कैमरे शोपीज बने हुए हैं। इनकी रिकॉर्डिंग नहीं होती, यह लाइव चलते हैं। उच्च अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी होने के बाद भी कैमरों को दुरुस्त नहीं किया गया। हालत यह हैं कि कांवड़ के दौरान यहां किराए के सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए, जो तय अवधि के बाद निकाल लिए गए। यदि रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे सही होते तो जीआरपी पुलिस को बाहर दुकानों की फुटेज खंगालने की जरूरत नहीं पड़ती।
---
रेलवे स्टेशन पर चोरी जैसी कोई वारदात नहीं हुई है। न ही रेलवे के अधिकारियों की ओर से ऐसी कोई सूचना मिली है।
- बलवंत सिंह पंवार, चौकी इंचार्ज जीआरपी पुलिस