चोरों ने मंगलवार रात बंद घर में सेंधमारी कर हजारों के जेवरात और नकदी पार कर दी। बताया गया कि घर के सदस्य महिला को प्रसव के लिए अस्पताल लेकर गए थे। चोरों ने मंगलवार रात नगर क्षेत्र डोईवाला के वार्ड पांच के नाथूराम प्लाट में रहने वाले गुरदीप सिंह के घर को निशाना बनाया।
गुरदीप सिंह के परिवारीजन मंगलवार रात पत्नी को लेकर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में लेकर गए थे। रात करीब दस बजे गुरदीप भी घर में ताला लगाकर अस्पताल चले गए थे। बुधवार की सुबह पड़ोस के लोगों ने मकान की ग्रिल का ताला टूटा होने की जानकारी गुरदीप को दी ।
गुरदीप ने बताया कि चोर ग्रिल और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर अलमारी में रखे हुए तीन मोबाइल फोन, करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सोने और चांदी के जेवरात और आठ हजार की नकदी ले गए हैं। कोतवाली निरीक्षक राजेश शाह ने बताया कि चोरी की छानबीन की जा रही है। चोरी हुए मोबाइल फोन को भी सर्विंलास पर लगाया जाएगा।