रोडवेज बस अड्डा परिसर से एक शातिर दंपति तीर्थनगरी घूमने आए एक विदेशी का सामान लेकर चंपत हो गए। पीड़ित ने उन्हें काफी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
फ्रांसीसी नागरिक सरगे पॉल योलेंडे इमाइल डोके ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते मंगलवार शाम वह दून से ऋषिकेश के लिए रोडवेज बस में सवार हुआ।
बस में उसकी सीट पर बैठे सहयात्री एक दंपति ने उससे दोस्ती कर ली। सफर में बातचीत करते हुए वे ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पहुंचे। यहां बस से उतरने के बाद दंपति उसे एक दुकान पर चाय पीने के लिए ले गए। उन्होंने विदेशी नागरिक से कहा कि उसे कोई काम है तो निपटा ले तब तक हम यहीं रहेंगे।
विदेशी ने बताया कि उसे किसी दस्तावेज की फोटो कापी करानी थी। लिहाजा वह दंपति पर विश्वास कर अपना बैग उनके पास छोड़कर समीप की दुकान पर फोटो कापी कराने चला गया। वापस लौटा तो दंपति और उनके दो बच्चे गायब मिले। उसका बैग भी मौके पर नहीं था। पीड़ित ने बताया कि आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। बताया कि बैग में लैपटॉप, कपड़े, किताबें और अन्य सामान था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।