ऋषिकेश। थाना लक्ष्मणझूला अंतर्गत मस्तराम घाट पर बीते रविवार को गंगा में डूबे शामली के दो युवकों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। युवकों की तलाश के लिए लक्ष्मणझूला पुलिस को एनडीआरएफ की मदद लेनी पड़ी।
सोमवार को मस्तराम घाट पर पहुंची एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जलपुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन युवकों का कहीं कुछ पता नहीं चला है। बीते रविवार दोपहर स्वर्गाश्रम स्थित मस्तराम घाट पर तारिक अहमद (23) पुत्र महफूज मलिक और साजेब (22) पुत्र सलीम निवासी कस्बा, थाना, भवन, जिला शामली, उत्तर प्रदेश नहाते समय गंगा की तेज धाराओं में बह गए थे।
उधर थाना मुनिकीरेती अंतर्गत शिवपुरी स्थित यूसूफबीच में बीते शनिवार को डूबे मुजफ्फरनगर के युवक का भी अभी तक कुछ पता नहीं चला है। यहां एसडीआरएफ और जलपुलिस की टीम युवक की खोजबीन के लिए गंगा में रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है। थाना पुलिस ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को यूूसूफ बीच पर मुजफ्फरनगर के पांच पर्यटक गंगा में स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान तीन पर्यटक नदी के तेज बहाव में बह गए थे। रेस्क्यू टीम ने दो युवकों का शव दो बरामद कर लिया था। लेकिन तीसरे युवक आदित्य देव (36) पुत्र ज्ञानप्रकाश मकान नंबर 2047, संतोष विहार, सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर का अभी कुछ पता नहीं चला है।