रामझूला पुल के मरम्मतीकरण के कारण दिसंबर माह तक आवाजाही बंद होने का असर अब शिवानंद बाजार के कारोबार पर दिखाई देने लगा है। कभी सुबह से शाम तक पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला बाजार इन दिनों सन्नाटे में है।
पर्यटकों की आवाजाही थमने से छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े दुकानदारों तक का कारोबार प्रभावित हो रहा है। हालात यह हैं कि दिवाली और छठ पूजा जैसे प्रमुख पर्वों पर भी बाजार में पहले जैसी रौनक नजर नहीं आई।
स्थानीय निवासी सोनू शर्मा ने बताया कि शिवानंद बाजार में रामझूला पुल के रास्ते बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते थे। पर्यटकों की आवाजाही से बाजार के छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को अच्छा कारोबार मिलता था लेकिन पुल बंद होने के बाद बाजार की रौनक गायब हो गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुल का मरम्मतीकरण कराया जाना था तो प्रशासन को इसकी समय-सीमा और पर्वों के मद्देनजर कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए थी।
दिवाली और छठ पूजा के दौरान बाजार में अच्छी बिक्री की उम्मीद थी लेकिन इस बार व्यापारियों को त्योहारों पर भी सन्नाटा ही महसूस हुआ। पुल बंद होने का सबसे अधिक असर ठेली-फड़ लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे कारोबारियों पर पड़ा है। कई महीनों से पर्यटकों की राह देख रहे इन कारोबारियों की आजीविका संकट में आ गई है। कुछ ठेली संचालक अपना सामान ढककर दूसरे काम की तलाश में निकल गए हैं जबकि कुछ अब भी पर्यटकों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।