विकासखंड के थनुर गांव में पांच दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। गांव में करीब 30 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों को सिर पर पानी ढोना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी जल संस्थान के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से विकासखंड के 12 गांवों के लिए बनी कस्याली पेयजल पंपिंग योजना में अनियमितता का आरोप भी लगाया है। ग्रामीण युगल किशोर बडोला, आलोक बिष्ट, रविराज बिष्ट, राकेश बिष्ट आदि ने बताया कि हर घर नल का कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण पिछले पांच दिनों से कस्याली पंपिंग योजना का पानी भी नहीं आ रहा है।
ठेकेदार की ओर से पेयजल लाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर पुराने जर्जर पाइपों पर ही हर घर नल के नए कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं। मजबूरन ग्रामीणों को दो किलोमीटर दूर स्थित स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। वहीं जल संस्थान पौड़ी के अधीक्षण अभियंता प्रवीण सैनी ने बताया कि थनुर गांव में पेयजल आपूर्ति बंद होने की शिकायत मिली है। सहायक अभियंता को मौके पर भिजवाया जा रहा है। जल्द जल आपूर्ति सुचारू करवाई जाएगी।