डोईवाला। अगले माह तक जौलीग्रांट एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग तैयार हो जाएगी। निर्माण कार्य तेज गति से पूरा कराया जा रहा है। नई बिल्डिंग में यात्रियों को उत्तराखंड राज्य की विराट संस्कृति की भी झलक मिलेगी।
राज्य में हवाई सेवाओं को विस्तार देते हुए देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। करीब 353 करोड़ की लागत से जौलीग्रांट एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग आने वाले यात्रियों को आकर्षित करेगा। एयरपोर्ट पर गढ़वाल और कुमाऊं की संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलेगा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहले चरण के तहत नई टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण कराया जा रहा है। बिल्डिंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में आ गया है। नई बिल्डिंग के बनने पर एयरपोर्ट पर यात्रियों की क्षमता 150 से बढ़कर 1800 हो जाएगी। 42700 वर्ग मीटर के क्षेत्र के साथ नई टर्मिनल बिल्डिंग पीक ऑवर्स के दौरान 1800 यात्रियों को संभालने में सक्षम रहेगी। एयरपोर्ट की क्षमता अनुमानित दस गुना तक बढ़ जाएगी।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तारीकरण में प्रथम चरण का निर्माण कार्य अंतिम रूप दिया जा रहा है। अगस्त तक निर्माण कार्य पूरा हो जाऐगा। इसके बाद टर्मिनल बिल्डिंग से संचालन शुरू किया जाएगा। नई टर्मिनल बिल्डिंग में यात्री राज्य की संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे।
- प्रभाकर मिश्रा, एयरपोर्ट निदेशक, जौलीग्रांट