जौलीग्रांट। नगर पालिका प्रशासन ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को भानियावाला-ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर शहीद द्वार से एयरपोर्ट तिराहे तक डिवाइडर के बीच में लाइट लगाने के लिए पत्र लिखा है। अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने एमडीडीए को लिखे पत्र में कहा है कि एमडीडीए ने शहीद द्वार से एयरपोर्ट तिराहे तक डिवाइडरों के बीच पौधरोपण कर सौंदर्यीकरण का कार्य किया था, लेकिन लाइटें नहीं लगाई हैं। जबकि पुलिस चौकी जौलीग्रांट से लेकर रानीपोखरी पुल तक वन्य जीव सड़क पार कर थानो और बड़कोट वन रेंज के जंगलों के बीच अक्सर आवाजाही करते हैं।
सड़क पर आवाजाही करते हुए लोगों का सामना अक्सर वन्य जीवों से होता है। बुधवार शाम भी एक बाइक सवार युवक हाथी से जा टकराया था। घटना में चमत्कारिक रूप से युवक की जान बच गई थी। ऐसे में शहीद द्वार से लेकर एयरपोर्ट तिराहे तक डिवाइडर के बीच लाइट लगाना जरूरी है। ताकि सड़क पार करते हुए हाथी या अन्य वन्य जीव लोगों को स्पष्ट दिखाई दे सकें। वहीं, भानियावाला-ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर थानो और बड़कोट वन रेंज ने अपनी गश्त बढा दी है। वनकर्मी लोगों को सुबह और शाम के वक्त इस मार्ग पर सजग होकर धीमी रफ्तार से चलने की अपील कर रहे हैं। बड़कोट रेंजर गणेश उनियाल ने कहा कि उनकी एक टीम लगाकर इस मार्ग पर गश्त कर रही है। हाईवे पर वन्य जीव दिखने पर वन विभाग को सूचना दी जानी चाहिए।