क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हाथी गांव का रुख कर रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बीते बृहस्पतिवार की रात रूसाफार्म वार्ड 15 में हाथी ने अपना धावा बोलकर दो दुकानों के शटर उखाड़ फेंकने के साथ काउंटर और सामान को तहस नहस कर दिया।
बीते रात हाथी रूसाफार्म आबादी में आ धमके। यहां उन्होंने दो भाई अनिल और सुनील की कॉस्मेटिक और परचून की दुकानों को निशाना बनाया। हाथी ने दोनों दुकानों के शटर उखाड़कर अंदर रखा सामान तहस-नहस कर दिया। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले सामने हाथी देख खौफजदा हो गए। पंचायत सदस्य दिगंबर क्षेत्री, सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र बेलवाल और धर्म क्षेत्री ने बताया कि वन विभाग से आबादी में हाथी की आमद रोकने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने पीड़ितों को नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की है। मामले में वन क्षेत्राधिकारी गंगासागर नौटियाल ने बताया कि ग्रामीणों की हाथी से जान माल की सुरक्षा के लिए रात में गश्त बढ़ा दी गई है।