मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में ओमकारानंद घाट से यात्री का बैग लेकर फरार हुए तीन शातिर टप्पेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक बीते मंगलवार को तीर्थनगरी घूमने आए भगवती प्रसाद शर्मा निवासी कामामन, राजस्थान ओमकारानंद घाट पर सामान से भरा थैला घाट पर रखने के बाद नहाने लगे। वापस लौटे तो थैला गायब मिला।
उनके रिश्तेदार नितिन गुप्ता निवासी सीताराम धाम, तपोवन सराय ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। छानबीन में जुटी पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम पूर्णानंद घाट पर घूम रहे तीन संदिग्धों को धर दबोचा।
पुलिस ने सरोज कुमार पुत्र स्व. खेदू प्रसाद, मुकेश कुमार पुत्र किशोरी लाल निवासी ग्राम नखछेदपुर, मनकापुर, जिला गोंडा और अशोक कुमार पुत्र स्व. फागू निवासी ग्राम दुलाहपुर, गोंडा के पास से चोरी का सामान बरामद किया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक धीरजमणी बलूनी ने बताया कि हत्थे चढ़े चोरों के पास से चोरी 53 सौ नकद, एक मोबाइल, घड़ी और दो नाजायज चाकू मिले हैं।
आरोपी शातिर टप्पेबाज हैं, जो श्यामपुर में रविंद्र सिंह के मकान पर किराए का कमरा लेकर पिछले चार पांच दिन से ठहरे हुए थे। किराएदारों का सत्यापन न कराने पर मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।