लालढांग रेंज अतंर्गत ग्राम पंचायत सिंदुडी के खंडगांव बैरागढ में सोमवार देर शाम गुलदार ने एक बैल और एक गाय का शिकार किया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में वनकर्मियों की गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत सिंदुडी प्रधान अरुण जुगलान ने बताया कि सोमवार देर शाम स्थानीय ग्रामीण अपने मवेशियों को जंगल से चुगाकर गौशाला की ओर ला रहे थे। इस बीच जंगल में छिपे गुलदार ने गोपाल सिंह के एक बैल और धीरज सिंह बैरागढ़ निवासी की एक गाय पर हमला कर उन्हें मार दिया। गांव वालों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग निकला।
जुगलान ने बताया कि हमला मादा गुलदार ने किया था, उसके साथ तीन छोटे शावक भी हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी की सूचना लालढांग रेंज अधिकारी को दे दी गई है।
गुलदार द्वारा गाय और बैल का शिकार बनाने की सूचना मिली है। घटना का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
-रमेशचंद्र कुकरेती
लालढांग रेंज अधिकारी