यमकेश्वर के नीलकंठ में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में संस्थाओं द्वारा दिया गया सामान।
- फोटो : RISHIKESH
सामाजिक संगठनों के सहयोग से राजकीय प्राथमिक विद्यालय नीलकंठ की प्रधानाध्यापिका ने 65 हजार रुपये की राशि इकट्ठा कर संसाधनविहीन बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री का बंदोबस्त किया।
प्रधानाध्यापिका रीता सेमवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में उन्होंने विद्यालय की सहायक अध्यापिका कुमुद धस्माना के सहयोग से नीलकंठ समाज सेवा ट्रस्ट सिरसा हरियाणा की ओर से 20 हजार रुपये की मदद राशि जुटाई। इससे विद्यालय को बैंड प्रदान किया गया। 15 हजार रुपये की लागत से एक एलसीडी विद्यालय में लगाया गया है। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय में योग सीखने वाले छात्रों को कारपेट और क्रीड़ा सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही आंगनबाड़ी के बच्चों को ड्रेस, जूते, मौजे, टोपी, स्वेटर और एक गैस सिलिंडर मुहैया कराया। ट्रस्ट की ओर से विद्यालय को नववर्ष पर करीब 65 हजार रुपये का सामान विद्यालय को भेंट किया गया।
समाजसेवी मनीष धमांदा की ओर से छात्रों को स्कूल बैग, 50-50 पेंसिलों का सेट, ज्यामेट्री बॉक्स और कॉपियां दी गईं। मनीष धमांदा की पुत्री अनन्या की ओर से विद्यालय के सभी छात्रों और आंगनबाड़ी बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित की कॉपियों के साथ ही पेंसिल, रबर और कटर दिए गए।