ऋषिकेश। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जा रहे काम को लेकर लोनिवि के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान विस अध्यक्ष समय पर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करने और गणुवत्ता का ध्यान रखने को कहा।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने विस अध्यक्ष को अवगत किया कि राज्य योजना के अंतर्गत ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से 53 किलोमीटर सड़कें बनाने के लिए 22 कार्य स्वीकृत हुए थे, जिसमें से अभी तक 26 करोड़ की लागत से 43 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुुका है। 18 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं सात करोड़ की लागत से 10 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिससे चार कार्य होने शेष है। ईई ने बताया कि लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से 7.60 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति हेतु शासन में प्रेषित किए गए हैं। पिछले साल भारत सरकार की सहायता से 12 करोड़ रुपये की लागत से 80 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण रूप से संपन्न कराए जा चुके हैं। बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके सुधांशु से दूरभाष पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की शेष प्रस्तावित सड़क मार्गों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्यों को शुरू कराने के लिए कहा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता विपुल कुमार सैनी, सहायक अभियंता आरसी कैलखुरा, कनिष्ठ अभियंता सीडी सैनी, कनिष्ठ अभियंता यूके गोयल आदि उपस्थित थे।