ऋषिकेश। नगर कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी नगर में सार्वजनिक भूमि पर आवासीय कांप्लेक्स के निर्माण की सूचना पर मौके पर पहुंचे पार्षद जयेश राणा से ठेकेदार के सुपरवाइजर ने अभद्रता कर दी। जैसी ही इसकी सूचना स्थानीय लोगों को लगी तो उनका पारा चढ़ गया। गुस्साए लोगों ने सुपरवाइजर की जमकर धुनाई कर दी। सुपरवाइजर के माफी मांगने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
शिवाजी नगर की गली नंबर 12 में एक आवासीय कांप्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। सोमवार को स्थानीय पार्षद जयेश राणा को सूचना मिली कि निर्माणकर्ता ने भूखंड से सटी सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर लिया है। सार्वजनिक भूमि पर घरेलू गैस का वितरण किया जाता है। पार्षद जयेश राणा मौके पर पहुंचे तो वहां ठेकेदार का सुपरवाइजर मौजूद था। सुपरवाइजर पार्षद को देख आगबबूला हो गया। पार्षद और सुपरवाइजर के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इसी दौरान सुपरवाइजर ने पार्षद का शर्ट का कालर पकड़ लिया। सुपरवाइजर की यह हरकत आसपास मौजूद स्थानीय लोगों को नगवार गुजरी। गुस्साए लोगों ने सुपरवाइजर को पीटना शुरू कर दिया। पार्षद ने घटना की सूचना आईडीपीएल चौकी प्रभारी नवीन डंगवाल और नगर निगम प्रशासन को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे उ निरीक्षक मनवर सिंह दोनों पक्षों को लेकर एम्स पुलिस चौकी पहुंचे। आखिर में सुपरवाइजर ने अपनी गलती को मानते हुए पार्षद से माफी मांग ली। वहीं निगम के निर्माण अनुभाग के जेई तरुण लखेड़ा भी निर्माणस्थल पर पहुंचे। निर्माणकर्ता जेई के समक्ष भूमि से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। नगर निगम ने फिलहाल निर्माण पर रोक लगा दी है।