- राजाजी टाइगर रिजर्व के कर्मियों ने संभाली सुरक्षा की कमान
यमकेश्वर। धमांद गांव में शुक्रवार को नेपाली मजूदर पर बाघ के हमले के बाद दहशत का माहौल है। घटना के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन की ओर से छात्रों को स्कूल छोड़ने व वहां से लाने की जिम्मेदारी ली गई है। घटना के बाद से छात्र-छात्राएं भी डरे हुए हैं।
बाघ के हमले के बाद सुरक्षा की दृष्टि से शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज दिउली, प्राथमिक धमांद और प्राथमिक विद्यालय दिउली के विद्यालय बंद रहे। सोमवार सुबह धमांद, चमनपुर और संयार के स्कूली छात्र पार्क कर्मियों की सुरक्षा में विद्यालय पहुंचे। छुट्टी के बाद भी पार्क की टीम छात्र-छात्राओं को छोड़ने गांव जा रही है ताकि कोई अनहोनी न हो। वहीं घायल श्रमिक को तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था जहां उसका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पार्क प्रशासन ने जंगल से सटे क्षेत्रों में झाड़ी कटवा रहा है। वहीं गौहरी रेंजर राजेश जोशी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से छात्र छात्राओं को पार्क की टीम के साथ विद्यालय भेजा गया और छुट्टी के समय वापस लाया गया।