पीजी ऑटोनामस कॉलेज में बीकॉम पंचम सेमेस्टर के एक छात्र ने शनिवार को बीए चतुर्थ सेमेस्टर की क्लास रूम में जाकर घुसकर एक छात्रा की पिटाई कर और भाग निकला। इसके बाद कालेज के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष के बाहर प्रदर्शन शुरू की दिया।
कॉलेज प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने आरोपी छात्र को शीघ्र सस्पेंड कर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है। बीए चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा का आरोप है कि बीते दिसंबर माह में उसकी शीशमझाड़ी निवासी बीकॉम पंचम सेमेस्टर के छात्र राकेश से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बात कुछ दिनों बाद समाप्त हो गई थी।
राकेश शनिवार को अचानक क्लास रूम में पहुंच गया। कुछ देर बात करने के बाद उसने छात्रा को थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। जब तक क्लास रूम के अन्य छात्र कुछ समझ पाते छात्रा बेहोश हो गई और आरोपी कॉलेज परिसर से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष के बाहर जमकर नारेबाजी शुरू कर दी।
छात्र आरोपी छात्र राकेश को कॉलेज से निष्कासित करने की मांग कर रहे थे। भुक्तभोगी छात्रा का कहना है कि राकेश उसे माफीनामा लिखकर दे अन्यथा वह पुलिस में शिकायत दर्ज करेगी। कॉलेज प्राचार्य डा. डीसी नैनवाल ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को सस्पेंड कर उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद छात्र शांत हुए। इस मौके पर प्रशांत कुमार, नेहापाल, शिवानी, सुनेना, रीमा मंडल, मनीषा, सुधा, राकेश शर्मा, आशीष थापा, राकेश शर्मा, आदर्श टोडरिया, मनीष पोखरियाल, राघव पांडेय शामिल रहे।