डोईवाला। अठूरवाला विस्थापित क्षेत्र में शराब के ठेके को शुरू करने की प्रक्रिया के विरोध में स्थानीय लोगों ने मंगलवार दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन करते हुए अनशन किया। कहा कि विस्थापित क्षेत्र में शराब का ठेका किसी भी सूरत में शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
मंगलवार को अठूरवाला संघर्ष समिति के बैनर तले दूसरे दिन भी शराब के ठेके के विरोध में अनशन किया गया। अनशन स्थल पर आयोजित सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि यदि लोगों की भावना है कि शराब की दुकान विस्थापित क्षेत्र में न खुले तो प्रशासन को इसका संज्ञान लेकर अन्यत्र व्यवस्था की जानी चाहिए। कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। नगर अध्यक्ष राजबीर सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष मोहित ने कहा कि क्षेत्र में शराब माफियाओं का प्रभाव नहीं बढ़ने दिया जाएगा। इस दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह नेगी, रेखा रावत, लक्ष्मी, विमला, पुष्पा देवी, लक्ष्मी देवी तोपवाल, सरोजनी, सीता देवी, सीता भट्ट, रजनी नेगी, निशा थपलियाल, गीता, संगीता बहुगुणा और नीमा नेगी आदि मौजूद थे।