थाना लक्ष्मणझूला अंतर्गत एक होटल में कुछ युवकों ने होटल स्वामी के साथ मारपीट कर दी। इस हादसे में होटल स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल होटल स्वामी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर होटल एसोसिएशन ने तहरीर दी है।
थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने बताया कि घटना बीते शुक्रवार देररात की है। होटल स्वामी योगेंद्र सिंह के पुत्र राघव सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे होटल टूरिस्ट रेस्ट हाउस में दीपांशु राणा ने दो कमरे बुक किए थे। इस दौरान उनके अन्य साथी राहुल राणा, अंश भट्ट और गौरव बिष्ट के नाम की पहचान पत्र दिए गए। जो उनके आगंतुक रजिस्टर में दर्ज है।
रात 12 बजे शराब पीकर वह आपस में मारपीट झगड़ा करने लगे। इस दौरान उन्होंने होटल के कमरों में भी तोड़फोड़ की। जब होटल स्वामी योगेंद्र सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो कमरे में चार लड़कों के अलावा दो अन्य लड़के भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने उनके पिता को जान से मारने के लिए शराब की खाली बोतल से वार कर दिया।
इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका एम्स में उपचार चल रहा है। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि इस घटना में आरोपी चार युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।