- चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय के गेट पर हुई थी वारदात, पंजाब से आरोपी को किया गिरफ्तार, पुलिस ने हमले में प्रयुक्त तलवार की बरामद
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय के ट्रांजिट कैंप में खुले में पेशाब करने से रोकने पर एक बस चालक ने सुरक्षा गार्ड पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार घटना 14 अक्तूबर की रात की है। ऋषिकेश के नई जाटव बस्ती निवासी अर्जुन पुत्र स्व. धर्मवीर चारधाम यात्रा पंजीकरण कार्यालय, ट्रांजिट कैंप में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात था। इसी दौरान पंजाब से यात्रियों को बस संख्या एचआर 45डी 1271 से आए मनदीप सिंह को गेट नंबर एक के पास पार्किंग में खुले में पेशाब करते देख अर्जुन ने विरोध किया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। आरोप है कि मनदीप सिंह ने बस से धारदार तलवार निकालकर अर्जुन के सिर और शरीर पर लगातार वार कर दिए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद पार्किंग कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर घायल अर्जुन को राजकीय उपजिला चिकित्सालय, ऋषिकेश पहुंचाया। यहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं। बृहस्पतिवार को घायल के बड़े भाई टीटू की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी मनदीप सिंह निवासी ग्राम अलीपुर, वार्ड नंबर 18, रणजीत सिंह कॉलोनी, सरहिंद रोड, पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि ट्रांजिट कैंप में खुले में पेशाब करने का विरोध किए जाने पर उसका अर्जुन से विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने तलवार से हमला कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई धारदार तलवार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।