- प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन ने आयुर्वेद विवि के कुलसचिव से की मुलाकात
- ऑल इंडिया स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर
ऋषिकेश। उत्तराखंड के निजी आयुर्वेद महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दो राउंड की काउंसलिंग के बाद भी 655 सीटें खाली रह गई हैं। इसे लेकर एसोसिएशन ऑफ प्राइवेट कॉलेजेज उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने चिंता जताई है। एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एसके बर्नवाल से मुलाकात कर प्रवेश प्रक्रिया को ऑल इंडिया स्तर पर अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने की मांग उठाई है।
एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, द्वितीय चरण की काउंसलिंग तक कुल 1297 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 366 राज्य कोटे और 931 ऑल इंडिया कोटे के अभ्यर्थी शामिल थे। इसके बावजूद, वर्तमान में राज्य कोटे की 565 और ऑल इंडिया कोटे की 90 सीटें रिक्त चल रही हैं। एसोसिएशन के सचिव बालकृष्ण चमोली ने कहा कि देशभर में आयुर्वेद की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों की कमी नहीं है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में सीटों का खाली रहना मौजूदा प्रवेश व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, जिस पर तत्काल पुनर्विचार की जरूरत है।
सचिव ने कहा कि काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक व्यापक बनाकर देशभर के पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस गंभीर मसले पर पूर्व में आयुष मंत्री और आयुष सचिव से भी वार्ता की जा चुकी है। पदाधिकारियों ने कुलसचिव को अवगत कराया कि इतनी बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने से निजी महाविद्यालयों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही, इससे आयुर्वेद शिक्षा के विस्तार और कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों के रोजगार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन ने कुलसचिव से मांग की कि राज्य और ऑल इंडिया कोटे की रिक्त सीटों को नियमानुसार जल्द से जल्द भरा जाए और आगामी प्रवेश प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव किए जाएं। इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सतेन्द्र गोयल, डॉ. विजय सैनी और डॉ. अनिल भट्ट सहित विभिन्न आयुर्वेद महाविद्यालयों के पदाधिकारी मौजूद रहे।