स्कूली बच्चों ने बनाया कीर्तिमान
- फोटो : अमर उजाला
गंगा संरक्षण का संदेश देते हुए ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के दो हजार बच्चों ने एक साथ पांच हजार से अधिक पोस्टर बनाकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि यह एक विश्व कीर्तिमान है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूचनार्थ प्रेषित किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गंगा संरक्षण विषय पर आरपीएस स्कूल के बच्चों ने एक साथ पांच हजार से अधिक पोस्टर बनाकर रिकॉर्ड कायम किया। बताया गया कि इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करवाया गया है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से बतौर निर्णायक डॉ. आलोक कुमार की उपस्थिति में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ।
उपप्रधानाचार्य गीता बेदी ने बताया इससे पहले भी विद्यालय की ओर से गंगा संरक्षण पर विश्व की सबसे लंबी रंगोली बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। विद्यालय आगे भी गंगा संरक्षण के लिए कार्य करता रहेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य एसएस भंडारी ने बताया कि इस रिकॉर्ड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूचनार्थ प्रेषित किया जाएगा।