ट्रक की टक्कर से सोमवार रात एक स्कूटी सवार 55 वर्षीय साध्वी की मौत हो गई। हादसा कैलाशगेट के पास हुआ। कैलाशगेट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। मृतका की पहचान ज्योति मां, निवासी दक्षिणेश्वर आश्रम, तिलक रोड ऋषिकेश के रूप में हुई है।
कैलाश गेट चौकी इंचार्ज विकेंद्र कुमार के मुताबिक सोमवार की रात करीब आठ बजे स्वामी शंभू भाई एक साध्वी के साथ स्कूटी (यूके14-5250) पर सवार होकर लक्ष्मणझूला की ओर जा रहे थे। तभी कैलाश गेट और कोतवाली पुलिस के बॉर्डर पर पीछे से एक ट्रक (यूके11सीके-1180) ने स्कूटी को ज़ोरदार टक्कर मार दी। घटना में साध्वी ज्योति मां की मौत हो गई।
चौकी इंचार्ज के अनुसार आरोपी ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया गया। आरोपी की पहचान हरीश कुमार (26) पुत्र गजपाल निवासी ग्राम लासित, थाना चमोली के रूप में कराई गई। चौकी इंचार्ज के मुताबिक आरोपी को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।