ऋषिकेेश। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक स्कूटी सवार युवक की बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे सुनील रावत (36) पुत्र जयपाल सिंह रावत निवासी अमित ग्राम गली नंबर-17 स्कूटी सवार से नटराज चौक की ओर जा रहे थे। मंशा देवी फाटक के समीप उनकी स्कूटी रपट गई। इस कारण वह स्कूटी से छिटककर बगल से गुजर रही बस के पिछले टायर की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर श्यामपुर चौकी इंचार्ज आशीष गुसाईं मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने बस सहित चालक को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने चालक के नाम का खुलासा नहीं किया है। सुनील तपोवन स्थित एक होटल में कार्यरत था। सुनील के दो बच्चे समीर और शौर्य, पत्नी पिंकी है। हादसे की सूचना से पूरे इलाके में माहौल गमगीन है।