ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला स्थित संत सेवा आश्रम के समीप गंगा तट पर परिजनों के साथ स्नान कर रहा एक युवक गंगा की तेज धाराओं में बहने लगा। युवक को गंगा में बहता देख परिजनों में चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। गंगा तट पर तैनात स्पीड मोटर बोट संचालक ने अपनी टीम के साथ कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बचा लिया। युवक की जान बचाने पर परिजनों ने मोटर बोट संचालक और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
लक्ष्मणझूला पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह करीब 11 बजे सारंस (18) पुत्र हुकमचंद निवासी थाना शाहगंज, जिला आगरा उत्तर प्रदेश निवासी परिजनों के साथ गंगा तट पर स्नान कर रहा था, इस दौरान अचानक उसका पैर फिसलने से वह गंगा की तेज धाराओं में बहने लगा। युवक को बहता देख गंगा तट पर तैनात मोटर बोट संचालक कुकरेजा बंधु की टीम ने अपनी बोट की मदद से रेस्क्यू कर युवक की जान बचाई। रेस्क्यू टीम में अंकुर कुकरेजा, अनिल बंसल, संजय कश्यप, राजीव, प्रिंस चावला, संजय शर्मा शामिल थे।