आईडीपीएल फैक्ट्री के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के सेफ्टी टैंक में गिरे सांभर को चार घंटे रेस्क्यू कर कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने किसी तरह से सकुशल बाहर निकाला। वन कर्मियों ने उसे फैक्ट्री के समीप घने जंगल में छोड़ दिया।
बीते शनिवार की रात करीब 12 बजे एक सांभर आईडीपीएल परिसर स्थित सीवरेज प्लांट परिसर में घुस आया।
इस बीच वह पानी से लबालब सेफ्टी टैंक में गिर गया। फैक्ट्री प्रबंधन को इसकी जानकारी रविवार सुबह मिली। प्रबंधन की ओर से सूचना मिलने पर ऋषिकेश वन रेंज की टीम रेंज अधिकारी गंगासागर नौटियाल के नेतृत्व में पूर्वाह्न करीब 11 बजे परिसर में पहुंची और सांभर को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद अपराह्न करीब तीन बजे बमुश्किल उसे सीवर टैंक से सकुशल बाहर निकाल लिया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि सांभर को बाहर लाने के बाद वह भाग निकला। इस बीच टीम ने कृष्णानगर कालोनी आदि क्षेत्रों में उसका पीछा किया और किसी तरह से उसे आईडीपीएल के समीप घने जंगल में खदेड़ा।
रेस्क्यू टीम में वन दारोगा वीरेंद्र कुमार, बीट अधिकारी स्वयंवर दत्त कंडवाल, सहायक राज बहादुर, पीआरडी जवान रविकांत, जितेंद्र, धनीराम बैलवाल और आईडीपीएल स्टाफ शामिल थे।