- प्रतिदिन 300 से अधिक सवारी बिठाते थे कर्मचारी
- नेपाली फार्म में काउंटर न होने से निजी बसें ले जा रहे सवारी
ऋषिकेश। रोडवेज प्रशासन की ओर से अप्रैल में चारधाम यात्रा शुरु होने के दौरान नेपाली फार्म में ड्यूटी काउंटर से कर्मचारियों को वापस बुलाया गया था लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी दोबारा से काउंटर शुरु नहीं किया गया। ऐसे में राेडवेज को प्रतिमाह लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
अप्रैल में चारधाम की यात्रा शुरु होने पर रोडवेज ऋषिकेश डिपो प्रशासन की ओर से नेपाली फार्म तिराहे पर तैनात किए गए कर्मचारियों को वापस बुलाकर चारधाम की यात्रा में लगाया गया था। यह कर्मचारी दिनभर में दिल्ली, लखनऊ, बरेली, कानपुर, जयपुर, आगरा, अलीगढ़ जाने वाली उत्तराखंड रोडवेज की बसों में करीब 300 से अधिक सवारी बिठाते थे। इससे रोडवेज को राजस्व की प्राप्ति होती थी लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी नेपाली फार्म में रोडवेज का काउंटर नहीं है। ऐसे में नेपाली फार्म से रोडवेज की बसों में बैठने वाली सवारी निजी बसों में बैठ रही हैं। प्रतिदिन रोडवेज को हजारों रुपये का राजस्व का नुकसान हो रहा है। स्थानीय लोग भी रोडवेज के स्थानीय अधिकारियों से नेपाली फार्म में काउंटर शुरु करने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है।
कोट-
नेपाली फार्म में काउंटर खोलने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही वहां पर काउंटर खोला जाएगा। यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। -अंजलिका शर्मा, एजीएम, रोडवेज ऋषिकेश डिपो