-डॉ. राजे नेगी ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, कहा जीत पदक देती है, संघर्ष बनाता है महान
9वीं नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता में ऋषिकेश प्रथम
ऋषिकेश। 9वीं नॉर्थ इंडिया कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋषिकेश टीम ने प्रथम और हरिपुर कलां टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
रेनबुकई कराटे सोसायटी आईडीपीएल की पहल पर श्यामपुर स्थित वेडिंग हॉल में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने काता व कुमीते स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता संयोजक, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी व कोच सेंसुई कमल सिंह बिष्ट ने बताया कि बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने व उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समय-समय पर प्रदेश व नॉर्थ इंडिया स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री व समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विजेता और उपविजेता टीमों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।