ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश और थाना रायवाला पुलिस ने अलग-अलग जगह से चार मोबाइल चोर गिरफ्तार किए हैं। जिनमें एक किशोर है, जिसको बाल संरक्षण अधिकारी के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
23 फरवरी को शिवांग रतूड़ी पुत्र विनोद कुमार रतूड़ी, निवासी मकान नंबर 3, गली नंबर 2, सोमेश्वरनगर, ऋषिकेश ने कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि वह 23 फरवरी की सुबह करीब 8:45 बजे घर से कंप्यूटर कोचिंग के लिए जा रहा था, अंबेडकर चौक के पास एक स्कूटी में सवार दो लड़कों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया। पुलिस टीम इस ओर छानबीन में जुट गई थी। बीते बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर कोयलघाटी निकट मंडी तिराहे पर पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान अनुराग राजपूत, निवासी गली नंबर 12/2 चंद्रेश्वरनगर ऋषिकेश व एक किशोर को स्कूटी व छीने गए मोबाइल फोन के साथ पकड़ा। उन्होंने बताया कि अनुराग इससे पहले भी मोबाइल लूट की घटना में कोतवाली ऋषिकेश से जेल जा चुका है।
वहीं थाना रायवाला पुलिस ने चोरी किए गए मोबाइल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना रायवाला पुलिस ने बताया कि बीते 24 फरवरी को नरसीराम पुत्र मोहितराम, निवासी गली नंबर 2 हरिपुर कलां, रायवाला, देहरादून ने लिखित तहरीर देकर बताया कि एक स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। थाना पुलिस इस ओर छानबीन में जुट गई। मुखबिर की सूचना पर करीब 12 घंटे के बाद नेपाली फार्म तिराहे के पास हिमांशु शर्मा, निवासी कालेकीढाल, थाना कोतवाली ऋषिकेश और गोपाल मंडल, निवासी शीशमझाड़ी, गली नंबर 12, थाना मुनिकीरेती टिहरी गढ़वाल को स्कूटी व चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि नशे की लत को पूरा करने के लिए वह चोरी की घटनाओं को अजांम देते हैं। पुलिस टीम में रायवाला थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामनरेश शर्मा, उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल सचिन सैनी, दिनेश महर, सुबोध नेगी, प्रवीन नेगी शामिल थे।