किच्छा स्थित सैटेलाइट सेंटर में भर्ती के नाम पर कथित फर्जीवाड़े के मामले में आउटसोर्स एजेंसी राजदीप इंटरप्राइजेज का स्थानीय मैनेजर विनायक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं, मामले में वांछित आउटसोर्स कर्मचारी सौम्या को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
विवेचना के दौरान भर्ती फर्जीवाड़े में मैनेजर विनायक और कर्मचारी सौम्या की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों को वांछित बनाया था। घटना के बाद से ही विनायक फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात कह चुकी है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।
निचली अदालत से खारिज हुई थी याचिका
मामले में सौम्या ने गिरफ्तारी से बचने के लिए निचली अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई थी। हालांकि, अब उसे हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने की जानकारी सामने आई है।
UK Top News: दलेर मेहंदी विवाद और अंकिता हत्याकांड की जांच में नया मोड़, केदारनाथ धाम आएंगी राष्ट्रपति
फरार मैनेजर की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार मैनेजर विनायक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भर्ती फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जा रही है।
आउट सोर्स एजेंसी के स्थानीय मैनेजर विनायक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- यशपाल बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली ऋषिकेश।