जिलाधिकारी सविन बंसल ने देहरादून एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की घटनाओं और बिना एनओसी निर्माण कार्यों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने एयरपोर्ट के समीप बिना एनओसी के हुए निर्माण कार्यों की रिपोर्ट तलब की। पक्षियों से सुरक्षा के साथ ही सभी गार्बेज प्वाइंट की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण देहरादून पर्यावरण समिति की बैठक में कहा कि बर्ड हिट की घटनाओं से कभी भी विमान हादसा हो सकता है। जिससे यात्रियों की जान माल को खतरा पैदा हो सकता हैं। वहीं 10 किलोमीटर के दायरे में बिना एनओसी के निर्माण से भी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय परेशानियां आ सकती हैं। उन्होंने एयरपोर्ट के समीप बिना एनओसी हो रहे अनाधिकृत निर्माण पर एसडीएम डोईवाला, एमडीडीए, एयरपोर्ट के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं जिलाधिकारी ने एसडीएम/प्रशासक डोईवाला को गार्बेज प्वाइंट की नियमित सफाई करवाने के निर्देश दिए। कहा कि गार्बेज प्वाइंट वाले स्थानों के ऊपर पक्षियों के मंडराने से हवाई जहाज लैंडिंग के दौरान टकराने की आशंका बढ़ जाती हैं। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर मिश्रा, डीजीएम नितिन कादियान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीएस रावत, सहायक अभियंता एमडीडीए अतुल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।