ऋषिकेश। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश ने ओपीडी सेवाओं को सीमित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब प्रात: 11 बजे के बाद ओपीडी के लिए पंजीकरण नहीं किया जाएगा। इसके अलावा परिसर के भीतर संचालित होने वाली सेवाएं अब परिसर के बाहर संचालित की जाएंगी।
एम्स के वरिष्ठ जन संपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि कोरोना के तहत एम्स प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। अभी एम्स में कोरोना मरीजों के लिए 50 बेड आरक्षित किए गए हैं। आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या को देखते इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। थपलियाल ने बताया कि कोरोना के मद्देनजर अस्पताल प्रशासन पूरी एहतियात बरत रहा है। इसी को देखते हुए एम्स में ओपीडी को सीमित करने का निर्णय लिया गया है। अगले आदेश तक प्रात: 11 बजे के बाद ओपीडी के लिए पंजीकरण नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा के मद्देनजर ओपीडी में आने वाले मरीजों को बाहर परिसर में ही देखा जाएगा।