ऋषिकेश। अब ऑटो-विक्रम की फिटनेस को लेकर परिवहन विभाग गंभीर हो गया है। अब ऑटो-विक्रम पर कमर्शियल वाहनों की तरह चारों ओर रिफ्लेक्टर टेप लगाने होंगे। सभी ऑटो विक्रम पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए एआरटीओ यूनियन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता करेंगे। बिना रिफ्लेक्टर टेप वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग कार्रवाई भी करेगा।
परिवहन विभाग की लापरवाही के कारण ऑटो-विक्रम की फिटनेस के वक्त रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगवाई जाती। जिससे रात में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। रिफ्लेक्टर टेप न लगे होने कई बार दोपहिया वाहन सवार इनकी चपेट में आकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। अब ऑटो-विक्रम पर सड़क सुरक्षा को लेकर एआरटीओ (प्रशासन) अरविंद पांडेय सभी ऑटो विक्रम पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने के लिए ऑटो व्रिकम यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता करेंगे। एआरटीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी के लिए आवश्यक है। इसके लिए एक दिन सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। जिसमें सभी ऑटो विक्रम में रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि तिपहिया वाहन में रिफ्लेक्टर टेप की अनिवार्यता वाले नियम में भी संशोधन करने के लिए लिखा जाएगा।
इनेसट
टैब से ही हो रही फिटनेस
एआरटीओ कार्यालय में टैब से ही वाहनों की फिटनेस हो रही है। बड़े कामर्शियल वाहनों पर घटिया क्वालिटी की रिफ्लेक्टर टेप लगाई जा रही है। कई टैक्सियों को आधी अधूरी टेप लगाए ही पास किया जा रहा है। नए कामर्शियल लोडर पर भी टेप नहीं लगवाई जा रही है। वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप न लगाए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
रोडवेज के एजीएम ने एआरटीओ को पत्र लिखा
डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर रोडवेज के एजीएम की ओर से एआरटीओ प्रवर्तन ऋषिकेश को पत्र लिखा गया है। पत्र में लिखा गया है कि नटराज चौक रोज रात को दिल्ली, लखनऊ और बरेली के लिए अलीगढ़, फरीदाबाद, बागपत, इटावा की प्राइवेट बसें संचालित हो रही हैं, जो कि नियम विरुद्ध हैं। इन बसों के संचालन होने से रोडवेज की आय भी प्रभावित हो रही है, उन्होंने इन बसों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दोनों विभागों की ओर से संयुक्त जांच करने की मांग की है।