ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छिद्दरवाला में परिवहन मंत्री और देहरादून जिले के प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य के आगमन पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
इस दौरान कई लोग भाजपा में शामिल हुए। प्रभारी मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की ओर से सभी लोगों का फूलमाला से स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री ने सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार ने गरीबों के उत्थान और सर्वहारा वर्ग के लिए अनेक कार्य किए हैं।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, दर्जाधारी करण वोहरा, डोईवाला ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह, मेयर अनिता ममगाईं, दर्जाधारी कृष्ण कुमार सिंघल, गणेश रावत, राजकुमार सिंह, राजेंद्र मनवाल, देवेंद्र नेगी, हिमांशु चमोली और रामरतन रतूड़ी आदि मौजूद थे।