-अतिरिक्त रकम लेकर अधूरे दस्तावेजों पर कमरे देने का आरोप,
- सीसीटीवी भी जानबूझकर बंद किए जाने की बात मालिक-मैनेजर की भूमिका जांच के घेरे में
ऋषिकेश। पुराने रेलवे स्टेशन के समीप चेला चेतराम मार्ग पर एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ होटल की संदिग्ध काले कारोबार की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस जांच में होटल का इस्तेमाल अनैतिक गतिविधियों के लिए किए जाने की बात सामने आने के बाद अब होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि होटल में अतिरिक्त रकम लेकर कमरों की बुकिंग की जाती थी और पहचान संबंधी दस्तावेज की पूरी जांच तक नहीं की जाती थी।
रविवार को जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया। बताया जा रहा है कि होटल संचालक को युवक के दूसरे धर्म से होने और युवती के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त रकम लेकर दोनों को कमरा उपलब्ध कराया गया। और पहचान संबंधी पूरे दस्तावेज भी नहीं लिए गए। मामले में होटल की निगरानी व्यवस्था भी संदेह के घेरे में है। जांच में सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद किए जाने की बात सामने आई है। कैमरे बंद होने के पीछे बिजली नहीं होने का बहाना बनाए जाने की जानकारी मिली है। जांच में होटल में आधे-अधूरे पहचान दस्तावेज के आधार पर कमरे उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि ऐसे कमरों के लिए सामान्य किराये से अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी। पुलिस इससे होटल में अनैतिक गतिविधियों की संचालन पर भी जांच कर रही है।
दुष्कर्म के बाद नाबालिग का वीडियो बनाने का आरोप
मामले में दुष्कर्म के बाद नाबालिग का वीडियो बनाए जाने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार दुष्कर्म के बाद आरोपी ने नाबालिग का वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि वीडियो बनाते समय आरोपी हंस रहा था। पुलिस अब आरोपी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन को ट्रेस करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल हुआ या नहीं कोई वीडियो रिकॉर्ड किया गया था या नहीं और यदि रिकॉर्डिंग हुई तो उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया या नहीं।
आरोपी की तलाश में रिश्तेदारों के यहां दबिश
ऋषिकेश। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही है। साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
- पूरे प्रकरण में होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका संदिग्ध है जिसकी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभवित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों में भी दबिश दी जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यशपाल बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक, ऋषिकेश।