ऋषिकेश। खेल जगत फाउंडेशन उत्तराखंड के तत्वावधान में प्रदेश से टोक्यो (जापान) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन के लिए रैली का आयोजन किया गया। ऋषिकेश-देहरादून तक जाने वाली रैली का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष के ओएसडी ताजेंद्र नेगी, पूर्व राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा ने संयुक्तरूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रविवार को पुराने स्टेशन से फाउंडेशन की संयोजक व खेल जगत के जिला प्रभारी शिवानी गुप्ता और रतन गुप्ता के संचालन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम संयोजक शिवानी गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड से हरिद्वार निवासी हॉकी खिलाड़ी वंदना का चयन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक में किए जाने के लिए उत्तराखंड के सभी खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं। इस रैली का उद्देेश्य भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है। ओलंपिक खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए इस तरह की रैलियां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 51 जनपदों में आयोजित की गई हैं। इसी शृंखला में ऋषिकेश में रैली ऋषिकेश शुरू होते हुए हरिद्वार के शांतिकुंज के बाद हरिद्वार स्टेडियम, रोशनाबाद पहुंचेगी। जहां से रैली देहरादून के लिए रवाना होगी। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में इसका समापन होगा। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका सभासद सीमा रानी, सुमित सेठी, देवेश्वर रतूड़ी, कपिल गुप्ता आदि शामिल रहे।