आर्मी कैंट रायवाला की गरुड़ डिवीजन के तत्वावधान में सेवानिवृत्त सैनिकों की रैली में देश के लिए शहादत देने वाले सैनिकों की पत्नियों और विकलांग सैनिकों को सम्मानित किया गया। रैली में भारी संख्या में पूर्व सैनिक परिजनों के साथ शामिल हुए। लोगों ने स्टॉलों का लाभ उठाया और सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
मेजर जनरल विशिष्ट सेेवा मेडल वीपीएस भाकुनी ने शहीद हुए सेना के जवानों के योगदान को याद किया। वीर नारियों को सम्मानित किया गया। देशसेवा में रहते हुए हाथ, पैर गवां चुके छह विकलांग जवानों को विशेषतौर से तैयार किए गए स्कूटर भेंट किए गए। मेजर जनरल भाकुनी ने बताया कि उत्तराखंड देश को सबसे अधिक सैनिक देने वाला प्रांत है।
बताया कि सेना को अपने पूर्व सैनिकों, शहीदों की वीर नारियों के सम्मानित करते हुए गर्व महसूस हो रहा है।
रैली में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण के लिए स्वास्थ्य सेवा, पेंशन, आधार कार्ड, सीएसडी कार्ड, सर्विस रिकॉर्ड, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड आदि विभिन्न स्टॉल लगाए गए।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर संदीप सूद, कर्नल रितेश कुमार, पूर्व सैनिक संगठन रायवाला के अध्यक्ष बचन सिंह रावत, हर्षमणि लस्याल, राजेश जुगलाण, दिलवर पंवार, दीवान सिंह मौजूद थे।
इन्हें मिले सेना के विशेष स्कूटर
विनोद गहलौत (उज्जैन), कुंवर सिंह (लालढांग पौड़ी), दलबीर सिंह (देहरादून), एसपी घोष (जबलपुर), सुरेश यादव (एमपी), देवराज दलाई (उड़ीसा)।
यह वीर नारियां हुई सम्मानित
रैली में शहीद सैनिकों की 16 विधवाओं को सम्मानित किया गया। इनमें धरमा देवी, कमला नेेगी, सुनीता त्रिपाठी, बीरा देवी, रूपा देवी, विशा देेवी, निर्मला देवी, मिस्सा देवी, आरती राणा, अनीता देवी, जशोदा देवी, मुकेश देवी आदि को सम्मानित किया गया।