अर्द्धकुंभ में बाहरी प्रांतों से गंगा स्नान के लिए तीर्थनगरी आने वाले तीर्थयात्रियों को रेल यातायात की असुविधा नहीं होगी। इसके लिए रेलवे रेल सेवाओं में विस्तार करने जा रहा है। 10 जनवरी से कटरा से ऋषिकेश आने वाली हेमकुंड एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। फिलहाल इस ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाते हैं।
इसके अलावा हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच शटल ट्रेन भी चलाई जाएगी। 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति को अर्द्धकुंभ का पहला स्नान है। तीर्थनगरी में गंगा स्नान के लिए तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ने की संभावना के चलते रेलवे ने रेल सेवा का विस्तार करने का फैसला किया है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक पिछले कुंभ में प्रतिदिन 25 हजार तीर्थयात्रियों की आमद थी।
इस बार संख्या में इजाफा होने की संभावना है। लिहाजा तीर्थयात्रियों को हरिद्वार से ऋषिकेश आने और ऋषिकेश से हरिद्वार जाने में असुविधा नहीं हो, इसके लिए हेमकुंड एक्सप्रेस में 14 की जगह 18 कोच लगाए जाएंगे। स्टेशन अधीक्षक आरपी मीणा ने बताया कि 10 जनवरी से रेल सेवाओं का विस्तार होना तय है।
हेमकुंड एक्सप्रेस में कोच तो बढ़ेंगे ही साथ ही हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच शटल ट्रेन भी संचालित होगी। शट ट्रेन दिनभर में सात चक्कर पूरे करेगी। डबल इंजन के चलते शटल ट्रेन की आमद और रवानगी में निरंतरता बनी रहेगी। तीर्थयात्रियों को ट्रेन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।