भानियावाला में स्कूल के पास शराब का ठेका खोलने के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शराब की दुकान के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। भानियावाला क्षेत्र में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं।
लोगों ने शराब ठेके लिए बनाई जा रहे टीनशेड का विरोध किया। ठेका संचालक मौके पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने भानियावाला ग्राम प्रधान शेर सिंह सैनी के नेतृत्व में नारेबाजी व प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण मोहन सिंह ने कहा कि जहां शराब का ठेका शुरू किया जा रहा है, उस क्षेत्र में डिग्री कॉलेज, स्कूल और घनी आबादी है।
शराब की दुकान संचालित होने से छात्रों पर इसका दुष्प्रभाव पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि शराब की दुकान के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों गुरदीप सिंह, राहुल सैनी, मनीष सैनी, काका, गुरतेज, राहुल राणा, स्वतंत्र बिष्ट, मीनाक्षी, जसविन्दर ,हरजीत आदि तमाम ग्रामीण मौजूद थे।